देहरादून. एक नवंबर को खेल महाकुंभ-2026 के तहत आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन हो गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या शामिल हुए. इस वर्ष प्रतियोगिताओं में कुल 3.17 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 2.19 लाख था.

खेल मंत्री रेखा आर्या के अनुसार, इस बार प्रतियोगिताओं के लिए 3.33 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था. समापन समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने मलखंब और योग का प्रदर्शन भी किया.

32 खेलों में मुकाबले

खेल महाकुंभ का आयोजन न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक किया गया. इसमें पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक और ओलंपिक खेलों सहित कुल 32 विधाओं को शामिल किया गया था.

प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए न्याय पंचायत स्तर पर 662, विधानसभा स्तर पर 70 और संसदीय क्षेत्र स्तर पर आठ आयोजन किए गए. इस व्यवस्था के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के खिलाड़ियों को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला.

11.50 करोड़ के पुरस्कार

प्रतियोगिताओं के अलग-अलग स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को कुल 11.50 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी. पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों के लिए निर्धारित नकद पुरस्कार के साथ प्रमाणपत्र और मेडल का भी प्रावधान किया गया.

राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को ट्रैकसूट, खेल किट और जूते उपलब्ध कराए गए. उनके भोजन की व्यवस्था भी की गई थी.

रोजगार के अवसरों पर जोर

खेल मंत्री ने कहा कि खेल युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर तैयार करने का माध्यम भी बन रहे हैं. प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ आधुनिक प्रशिक्षण और खेल अवस्थापना के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है.

खेल महाकुंभ के जरिए गांवों और शहरों के खिलाड़ियों को साझा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके.



Source link

📄 Important PDF

Download PDF

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *