मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सीता अशोक का पौधारोपण किया…. – NNSP


उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया. इस अवसर पर उन्होंने सीता अशोक का पौधा लगाया. इस दौरान सीएम के साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं.

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की जनता से भी आह्वान किया कि वे इस पावन कार्य में सहभागी बनें और अपनी मां के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रकृति की सेवा करें. यह अभियान मातृ सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के नाम पर एक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री सुबोध उनियाल और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी पौधारोपण किया.

बता दें कि सीएम धामी ने विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) की पूर्व संध्या पर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के प्रति संकल्पबद्ध होकर कार्य करने का सभी से आह्वान किया था. पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें एकजुट होकर प्रकृति के संरक्षण की दिशा में भी चिंतन करना होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा था कि पर्यावरण संरक्षण जीवन से जुड़ा है, पर्यावरण संरक्षण उत्तराखण्डवासियों के स्वभाव में है. हरेला जैसे पर्व प्रकृति से जुड़ने की हमारे पूर्वजों की दूरगामी सोच का ही परिणाम हैं. पर्यावरण संरक्षण में उत्तराखण्डवासियों की अग्रणी भूमिका रही है. प्रदेश सरकार समृद्ध जैव संसाधनों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है. उत्तराखण्ड अपनी वन सम्पदा और नदियों के कारण पर्यावरण संरक्षण की मुहिम का ध्वजवाहक है.



Source link

📄 Important PDF

Download PDF

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *